
बिहान से ग्रामीण परिवारों को मिला आत्मनिर्भरता का नया आधार, मछली पालन से बढ़ेंगे आजीविका के अवसर
लखनपुर 22 अगस्त 2026। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ एवं आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद पंचायत लखनपुर द्वारा ग्राम पंचायत स्तरीय मछली बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीण परिवारों को आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने की इस पहल की सराहना करते हुए महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया।
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और गांव के लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। ‘बिहान’ के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं को संगठित कर उन्हें विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मछली पालन जैसे स्थानीय संसाधन आधारित व्यवसाय ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मछली बीज वितरण जैसी पहल से ग्रामीणों को मछली पालन के लिए आवश्यक आधार मिलेगा और वे इसे आय का स्थायी साधन बना सकेंगे।
महिला स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
श्री अग्रवाल ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूह ‘बिहान’ अभियान की सबसे बड़ी ताकत हैं। समूहों के माध्यम से महिलाएं बचत, ऋण, स्वरोजगार और विभिन्न आयमूलक गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ महिला समूहों तक पहुंचाकर उन्हें कृषि, पशुपालन, मछली पालन, लघु उद्यम और अन्य स्थानीय आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवार के साथ-साथ गांव की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है।

आकांक्षी विकासखण्डों में विकास को गति देने का प्रयास
मंत्री ने कहा कि आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, कौशल विकास और आजीविका के क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि गांव का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े और स्थानीय स्तर पर ही आय के पर्याप्त साधन विकसित हों।
उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और वह आत्मनिर्भर बन सके।
हितग्राहियों को वितरित किया गया मछली बीज
कार्यक्रम के दौरान मछली पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीण हितग्राहियों को मछली बीज वितरित किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाओं से उन्हें गांव में ही आय का नया साधन उपलब्ध हो रहा है।
कार्यक्रम में लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



