
ईद-ए-मिलाद और गणेश चतुर्थी को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने का निर्णय
बिलासपुर, 21 अगस्त 2026। आगामी ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) और गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पंडाल के लिए थाना प्रभारी और एसडीएम से लेनी होगी अनुमति
बैठक में सभी पूजा समितियों और कमिटियों को पंडाल लगाने से पहले संबंधित थाना प्रभारी एवं एसडीएम से अनुमति लेना अनिवार्य किया गया। सड़कों पर इस तरह पंडाल नहीं लगाए जाएंगे, जिससे यातायात बाधित हो।

गणेश विसर्जन के लिए रूट चार्ट और पार्किंग स्थल निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं। समितियों को विसर्जन स्थल और निर्धारित रूट की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी को देने के लिए कहा गया।
पंडालों में CCTV और पर्याप्त स्वयंसेवक जरूरी
सभी पूजा पंडालों और उनके आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। पंडालों में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। समितियों को पुलिस विभाग को स्वयंसेवकों के माध्यम से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया।
पंडालों में मिट्टी की प्रतिमा स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान
पुलिस विभाग को मंदिरों, मस्जिदों, गणेश पंडालों, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।
पर्वों के दौरान शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
साफ-सफाई और निर्बाध बिजली के निर्देश
नगर निगम को ईदगाह और प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा विद्युत तारों से किसी भी प्रकार की दुर्घटना रोकने के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया।
सीएसईबी को भी निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
भंडारा और लंगर में प्लास्टिक के उपयोग पर रोक
बैठक में पर्व के दौरान आयोजित होने वाले भंडारा और लंगर में प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए। आयोजकों को दोना-पत्तल और डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया।
सड़क पर वाहन रुकवाकर प्रसाद वितरण नहीं करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
जिला अस्पताल में आपातकालीन व्यवस्था रहेगी तैयार
जिला अस्पताल को पर्व के दौरान आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का सजगता और समन्वय के साथ निर्वहन करने कहा।
शांति समिति के सदस्यों ने आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एडिशनल कमिश्नर नगर निगम खंजाची कुमार, एसडीएम मनीष साहू, संयुक्त कलेक्टर रजनी भगत, सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार सहित शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



