
सुशासन पर सरकार का जोर, राजस्व कामों में देरी बर्दाश्त नहीं – मंत्री टंक राम वर्मा
रायपुर, 28 अप्रैल 2026। प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने साफ कर दिया है कि अब सरकारी कामों में लापरवाही नहीं चलेगी। उन्होंने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े हर काम को पारदर्शिता और तय समय-सीमा के भीतर पूरा करना ही होगा।
बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और त्रुटि सुधार जैसे लंबित मामलों की समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि इन प्रकरणों का तेजी से निपटारा किया जाए, वरना जिम्मेदार अधिकारियों पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।
डिजिटल सुधारों पर भी जोर देते हुए मंत्री ने जियोरिफ्रेंसिंग, डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री के काम को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि नक्शा प्रोजेक्ट और जियोरिफ्रेंसिंग का काम अगले तीन महीनों में हर हाल में पूरा होना चाहिए।
मंत्री वर्मा ने आबादी पट्टा वितरण को भी प्राथमिकता देते हुए 31 जुलाई तक सभी हितग्राहियों का डेटा उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही, उन्होंने आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने, आकाशीय बिजली से सुरक्षा और स्कूल-अस्पताल भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हितग्राही योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत कार्ड वितरण में तेजी लाने और अगले तीन महीनों में लक्ष्य पूरा करने को कहा। इसके अलावा, राजस्व वसूली में धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए रायपुर जिले के जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
अंत में मंत्री ने साफ संदेश दिया—
“जनता के काम में देरी या लापरवाही अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”



