
मनरेगा में ई-केवाईसी: छत्तीसगढ़ देश में नंबर-1
रायपुर, 27 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ ने मनरेगा श्रमिकों की ई-केवाईसी पूरी करने में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। राज्य में 97% से ज्यादा सक्रिय श्रमिकों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जो राष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक है। इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ ने कई बड़े और छोटे राज्यों को पीछे छोड़ दिया है।
प्रदेश में लगभग 57 लाख श्रमिकों का डिजिटल वेरिफिकेशन पूरा किया गया है, जिससे मजदूरी सीधे उनके बैंक खातों में पहुंच रही है। इससे फर्जी जॉब कार्ड पर रोक लगी है और व्यवस्था में पारदर्शिता आई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि सरकार श्रमिकों को योजनाओं का सीधा और समय पर लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसे अधिकारियों और ग्राम स्तर की टीमों के संयुक्त प्रयास का परिणाम बताया और शेष मामलों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता और विशेष अभियान के चलते यह सफलता मिली है। यह उपलब्धि राज्य को डिजिटल गवर्नेंस और ग्रामीण विकास में अग्रणी बना रही है।



