
सुशासन तिहार की तैयारी तेज, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
बिलासपुर, 21 अप्रैल 2026। जिले में 1 मई से 10 जून तक होने वाले सुशासन तिहार की तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बैठक लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि इस दौरान गांव और शहरों में जनसमस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 31 शिविर आयोजित होंगे।

उन्होंने अधिकारियों को पहले से गांवों का दौरा कर व्यवस्थाएं देखने और लोगों की समस्याएं पहचानने को कहा। साथ ही पिछले साल के लंबित मामलों को भी जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
राजस्व से जुड़े सीमांकन जैसे मामलों पर खास ध्यान देने को कहा गया है। अधिकारियों को खुद मौके पर जाकर समीक्षा करने के निर्देश मिले हैं।
भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने पानी की व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को जल संरक्षण के लिए जागरूक करें और तालाब गहरीकरण जैसे काम जनसहयोग से कराएं।
साथ ही बरगद, पीपल, नीम और करंज जैसे पेड़ लगाने को बढ़ावा देने और इसे जनआंदोलन बनाने की बात कही।
कलेक्टर ने जनगणना को लेकर भी लोगों से अपील की कि वे खुद से आसानी से ऑनलाइन जानकारी भरें, जिसमें सिर्फ 5 मिनट लगते हैं।
बैठक में नगर निगम और जिला पंचायत सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



