
औद्योगिक इकाइयों को सख्त निर्देश, सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जांजगीर-चांपा, 21 अप्रैल 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और प्रभारी एसपी निवेदिता पाल ने जिले के उद्योगों और पावर प्लांट की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
कलेक्टर ने साफ कहा कि सभी उद्योग और पावर प्लांट सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें। श्रमिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी उपकरण, मशीनों का सही रखरखाव और सुरक्षा इंतजाम अनिवार्य रूप से रखें।

उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की दुर्घटना न हो, इसके लिए आग बुझाने के यंत्र, फायर अलार्म, सीसीटीवी और मशीनों की नियमित जांच जरूरी है। साथ ही जोखिम वाले उपकरणों की समय-समय पर जांच कराई जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हादसे की स्थिति में घायलों को “गोल्डन ऑवर” के भीतर इलाज मिले। इसके लिए हर उद्योग में एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार और मेडिकल व्यवस्था तैयार रखी जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि सभी उद्योगों में आपदा से निपटने की योजना तैयार हो और कर्मचारियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाए।
प्रभारी एसपी निवेदिता पाल ने कहा कि सुरक्षा को मजबूत करने के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल कराई जाए और हर प्लांट में क्विक रिस्पांस टीम बनाई जाए। साथ ही इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था भी पुख्ता हो।
बैठक में प्रशासन और उद्योगों से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।



