
नक्सलमुक्त बस्तर में तेज़ी से बढ़ रहा अधोसंरचना विकास
रायपुर, 25 अप्रैल 2026/ नक्सलमुक्त आबूझमाड़ क्षेत्र में अब विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। बुनियादी सुविधाओं के अंतर्गत सड़क निर्माण, जल निकासी, ओवरहेड टैंक और लघु सिंचाई योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे आदिवासी क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है।
हाल ही में सीटीई की टीम ने नारायणपुर जिले के हरिमार्कटोला में सड़क निर्माण, ओरछा ब्लॉक के दूरस्थ ग्रामों में शेड निर्माण, तथा ग्राम पालकी में ओवरहेड टैंक सहित विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
जल संसाधन विभाग के अंतर्गत बैनूर रिजर्वायर के नवीनीकरण कार्य का भी जायजा लिया गया। अब नक्सलमुक्त क्षेत्रों में जांच एजेंसियों और तकनीकी टीमों की पहुंच आसान हो गई है, जिससे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो रही है। इसके परिणामस्वरूप सुदूर आबूझमाड़ में भी तेजी और गुणवत्ता के साथ विकास कार्य संचालित हो रहे हैं।



