
जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देते हैं पत्रकार : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
जांजगीर-चांपा में 1 से 14 दिसंबर तक मनाया जाएगा वजन त्यौहार, 0 से 6 वर्ष के बच्चों की होगी जांच
बिलासपुर, 28 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को आवाज देने के साथ जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेषकर दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान का रास्ता तैयार करने में पत्रकारिता का अहम योगदान है। उन्होंने समाचारों के प्रकाशन एवं प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करने और उनकी सामाजिक जिम्मेदारी को समझने की अपील की।

उप मुख्यमंत्री शुक्रवार को बिलासपुर के स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी और प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राय सहित प्रदेशभर से आए पत्रकार मौजूद रहे।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी
संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। किसी व्यक्ति से संबंधित समाचार प्रकाशित करने से पहले उसकी पूरी पड़ताल जरूरी है, क्योंकि अपुष्ट जानकारी से किसी की प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने पत्रकारिता को तपस्या बताते हुए कठिन परिस्थितियों में भी जनहित के मुद्दों को सामने लाने वाले पत्रकारों का अभिनंदन किया।
पत्रकार भवन के लिए भूमि और निर्माण में सहयोग का भरोसा

सम्मेलन में बिलासपुर और रायपुर में पत्रकार भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। इस पर उप मुख्यमंत्री ने संघ के पदाधिकारियों से दोनों शहरों में उपयुक्त भूमि चिह्नित कर खसरा नंबर और राजस्व अभिलेखों के साथ संबंधित कलेक्टर को आवेदन देने को कहा। उन्होंने भूमि आवंटन की प्रक्रिया में शासन की ओर से सहयोग करने तथा भूमि मिलने के बाद भवन निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने में भी सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर की पत्रकार कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण के लिए भूमिपूजन किया जा चुका है। इन विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।
पत्रकार सुरक्षा कानून और बीमा योजना लागू करने की मांग
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि पत्रकारिता आम नागरिकों तक जरूरी जानकारी पहुंचाने और जनसमस्याओं से प्रशासन को अवगत कराने का सशक्त माध्यम है। समस्याओं को तथ्यों के साथ सामने रखने से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच संवाद स्थापित होता है तथा समाधान का रास्ता निकलता है।
वहीं, संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार बीमा योजना लागू करने, पत्रकार सम्मान निधि के नियमों को सरल बनाने तथा आर्थिक सहायता की राशि बढ़ाने की मांग रखी।
सम्मेलन में संघ के कोषाध्यक्ष अनिल पवार, संयोजक राजेश मिश्रा, निर्मल सलूजा, रामाधार पटेल, मनोज मिश्रा, रवि शुक्ला, निर्मल शुक्ला, अरविंद शुक्ला और इरशाद अली सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पत्रकार उपस्थित रहे। इस अवसर पर मोहित जायसवाल, डॉ. तिलक राम साहू, चंद्र प्रकाश सूर्या और राजेश सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में संघ के कोषाध्यक्ष अनिल पवार ने आभार व्यक्त किया।



