
अमृत सरोवरों में मनाया गया संविधान दिवस, विद्यार्थियों ने बताए मौलिक अधिकार और कर्तव्य
जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर जिले के अलग-अलग गांवों में स्थित अमृत सरोवरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों, स्कूली विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभी ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर उसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही जल संरक्षण और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में जिले के अमृत सरोवरों पर ये आयोजन किए गए। जिला पंचायत सभाकक्ष में सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। इस दौरान न्याय, समानता, स्वतंत्रता, लोकतंत्र और भाईचारे जैसे संवैधानिक मूल्यों के महत्व पर चर्चा की गई।
पचेड़ा में विद्यार्थियों ने समझाए संविधान के अधिकार और कर्तव्य
ग्राम पंचायत पचेड़ा के अमृत सरोवर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे। बच्चों ने सरल शब्दों में बताया कि संविधान हमें कई मौलिक अधिकार देता है, लेकिन एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते अपने कर्तव्यों का पालन करना भी जरूरी है।
विद्यार्थियों ने कहा कि संविधान के आदर्शों का सम्मान करना और उनका पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
चारपारा में स्वच्छता की शपथ, तालाब परिसर की हुई सफाई
ग्राम पंचायत चारपारा के अमृत सरोवर तालाब परिसर में भी संविधान दिवस मनाया गया। यहां संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करने के साथ ग्रामीणों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई। लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली और तालाब परिसर में सफाई गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम में सरपंच मानीबाई, सचिव घासीराम पटेल, कार्यक्रम अधिकारी हृदय शंकर, पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अमृत सरोवर बने जनभागीदारी और जागरूकता के केंद्र
जिले के विभिन्न अमृत सरोवरों पर आयोजित कार्यक्रमों में युवा, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, विकसित भारत-जी राम जी योजना के श्रमिक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और आजीविका दीदियां भी शामिल हुईं।
कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जल स्रोतों को सुरक्षित रखने, पर्यावरण की रक्षा करने और गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासन का उद्देश्य अमृत सरोवरों को केवल जल संग्रहण का स्थान नहीं, बल्कि सामुदायिक भागीदारी और जनजागरूकता का केंद्र बनाना भी है।



