
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा, 11 नवंबर 2026। जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बुधवार को जिले के अलग-अलग धान खरीदी और संग्रहण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी शुरू होने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
जिले में इस साल 102 समितियों के अंतर्गत कुल 134 केंद्रों में धान खरीदी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अकलतरा संग्रहण केंद्र में फड़ निर्माण, जमीन का समतलीकरण, पानी निकासी, ड्रेनेज और धर्मकांटा की व्यवस्था देखी। उन्होंने भंडारित धान को सुरक्षित रखने के लिए भी जरूरी इंतजाम करने को कहा।
इसके बाद कलेक्टर ने तिलई, अकलतरा, भिलौनी और मेऊ धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति प्रभारियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों और किसानों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने केंद्रों में पर्याप्त बारदाने, इंटरनेट, कंप्यूटर, तिरपाल और हमालों की व्यवस्था समय पर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, बिजली, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक मशीन, पीने का पानी, किसानों के बैठने के लिए छायादार स्थान, शौचालय और प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध रहनी चाहिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों को बिना किसी बाधा के टोकन जारी किए जाएं और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जाए।
इसके साथ ही अवैध धान की खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट बनाने और कोचियों व बिचौलियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सहकारिता, विपणन और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



