
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत स्वावलंबन कार्यशाला आयोजित, साइबर सुरक्षा, करियर और महिला हेल्पलाइन के बारे में किया जागरूक
जांजगीर-चांपा: मजदूरों के बीच पहुंचे जिला पंचायत CEO, खुद NMMS ऐप से लगाई हाजिरी
जांजगीर-चांपा, 26 अक्टूबर 2026। बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोटमी सोनार में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत स्वावलंबन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, साइबर अपराध से बचाव, करियर निर्माण और महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य बालिकाओं को जागरूक बनाना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।
संविधान और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं तालुका विधिक सेवा समिति, अकलतरा की अध्यक्ष शिवानी सिंह ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, विधिक अधिकारों, साइबर अपराध और मैत्रीपूर्ण विधिक सहायता योजना 2024 के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर उचित सहायता लेने के महत्व को समझाया।
करियर, मानसिक स्वास्थ्य और साइबर सुरक्षा पर मार्गदर्शन
कार्यशाला में छात्राओं को करियर काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मदेखभाल, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, लैंगिक संवेदनशीलता और बाल विवाह की रोकथाम जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य सुरक्षा और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
छात्राओं को अपनी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रखने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया गया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में जरूरत के समय सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
– 181: महिला हेल्पलाइन
– 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन
– 112: आपातकालीन सहायता सेवा
अधिकारियों और शिक्षकों की रही सहभागिता
इस अवसर पर सखी वन स्टॉप सेंटर, जांजगीर की केंद्र प्रशासक एच. निशा खान, विद्यालय के प्राचार्य संजय, परियोजना अकलतरा की सुपरवाइजर जासमीन निराला, परामर्शदाता सरस्वती सोनी, पैरालीगल वकील अंजली बंदे, शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।



