
जांजगीर-चांपा: मजदूरों के बीच पहुंचे जिला पंचायत CEO, खुद NMMS ऐप से लगाई हाजिरी
जांजगीर-चांपा में सतर्कता जागरूकता सप्ताह, कलेक्टर ने दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ
जांजगीर-चांपा, 26 अक्टूबर 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और जल संरक्षण के कार्यों की जमीनी स्थिति जानने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) विनय कुमार पोयाम अकलतरा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत रसेड़ा और अर्जुनी पहुंचे। यहां उन्होंने विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने NMMS (नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम) ऐप के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया देखी और स्वयं ऐप से मजदूरों की हाजिरी लगाई।
रसेड़ा में तालाब निर्माण कार्य का निरीक्षण
जिला पंचायत CEO ने ग्राम पंचायत रसेड़ा में नवीन तालाब निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कार्यस्थल पर चल रही गतिविधियों और श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था का अवलोकन किया। डिजिटल माध्यम से हाजिरी दर्ज करने की व्यवस्था का उद्देश्य कार्यस्थल पर श्रमिकों की उपस्थिति का रिकॉर्ड रखना और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
नवीन तालाब का निर्माण ग्रामीण क्षेत्र में जल संरक्षण और जल संचयन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। तालाब बनने से भविष्य में कृषि संबंधी जरूरतों और स्थानीय जल संसाधनों को लाभ मिलने की संभावना है। वहीं, निर्माण कार्य से स्थानीय श्रमिकों को रोजगार भी मिल रहा है।
अर्जुनी में बालिका शौचालय निर्माण की प्रगति देखी
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत CEO ग्राम पंचायत अर्जुनी में निर्माणाधीन बालिका शौचालय भी पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य की स्थिति और प्रगति का जायजा लिया। बालिकाओं को स्वच्छ और सुविधाजनक शौचालय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किए जा रहे इस निर्माण कार्य से स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत CEO शैलेश भगत, प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी गौरव शुक्ला, पीओ एल.पी. राठौर, ग्राम पंचायत के सरपंच, रोजगार सहायक और ग्रामीण उपस्थित रहे।



