
कांकेर के 40 से अधिक गांवों को मिलेगी बस सुविधा, दो नए रूटों पर शुरू हुई सेवा
छत्तीसगढ़ में वाहन जांच अभियान तेज, दो दिनों में 364 वाहनों पर कार्रवाई
रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत कांकेर जिले में दो नए मार्गों पर बस सेवा शुरू की गई है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने भानुप्रतापपुर-कोरर और भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन दोनों मार्गों पर बस सेवा शुरू होने से वनांचल के 40 से अधिक गांवों के लोगों को नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीणों को अस्पताल, स्कूल-कॉलेज, हाट-बाजार और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने में आसानी होगी।

दूरस्थ गांवों तक पहुंच रही परिवहन सुविधा
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के माध्यम से ऐसे गांवों को भी सार्वजनिक परिवहन से जोड़ा जा रहा है, जहां पहले नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं थी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवहन का विस्तार केवल आने-जाने की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में भी मदद मिलती है।
ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि दूरस्थ अंचलों तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नए मार्गों पर बस सेवा शुरू होना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



