
जनगणना 2027: जांजगीर-चांपा में द्वितीय चरण का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
कांकेर के 40 से अधिक गांवों को मिलेगी बस सुविधा, दो नए रूटों पर शुरू हुई सेवा
जांजगीर-चांपा, 26 अक्टूबर 2026। जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जांजगीर-चांपा जिले में द्वितीय चरण का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया समझाई गई
प्रशिक्षण में अधिकारियों को जनगणना के द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन और प्रविष्टि, सीएमएमएस पोर्टल तथा मोबाइल एप के उपयोग की जानकारी दी गई। इसके साथ ही जनगणना कार्य के बेहतर संचालन, प्रशासनिक तैयारियों, मानव संसाधन की उपलब्धता और अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।
मैदानी स्तर पर आपसी समन्वय बनाए रखने, निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने और कार्य के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं का समाधान करने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
समय-सीमा में त्रुटिरहित कार्य पूरा करने के निर्देश
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जनगणना को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में दी गई जानकारी और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए जनगणना संबंधी सभी कार्य समयबद्ध, व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से पूरे किए जाएं।



