
लामकन्हार में CM साय ने सुनी ‘मन की बात’, गांव के विकास के लिए 85 लाख की घोषणा
रोजगार मेले में 47 युवाओं का अंतिम चयन, मौके पर मिले नियुक्ति पत्र
कांकेर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार पहुंचे। यहां उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के साथ सुनी।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का जिक्र किया। इस पर मुख्यमंत्री साय ने खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।
‘हर घर मुनगा’ अभियान को लोगों से जोड़ने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनगा पोषण से भरपूर पौधा है। इसकी पत्तियां, फल और फूल खाने में इस्तेमाल होते हैं और इनमें आयरन सहित कई पोषक तत्व पाए जाते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अपने-अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने और इसके फायदे के बारे में आसपास के लोगों को भी बताने की अपील की।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों की भागीदारी से हो रहे अच्छे कामों को देश के सामने रखते हैं। छत्तीसगढ़ के अभियानों और स्थानीय नवाचारों की चर्चा होना प्रदेश के लोगों की मेहनत और भागीदारी को पहचान मिलने जैसा है।

छत्तीसगढ़ के कई प्रयासों का ‘मन की बात’ में जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के कई प्रयासों की चर्चा कर चुके हैं। इनमें बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, मल्हार का ऐतिहासिक ताम्रपत्र और कोरिया का 5 प्रतिशत जल संचय मॉडल शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी से किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।
नक्सल प्रभावित इलाकों में अब विकास की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांकेर और बस्तर का यह क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। अब सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ इन इलाकों में विकास के नए अवसर बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर पहले डर और असुरक्षा का माहौल था, वहां अब शांति, विश्वास और विकास का वातावरण दिखाई दे रहा है।

सरकार का प्रयास है कि दूर-दराज के गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, संचार और रोजगार जैसी सुविधाएं पहुंचें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
लामकन्हार को 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार में अलग-अलग विकास कार्यों के लिए कुल 85 लाख रुपए की घोषणा की।
घोषित कार्यों में—
– शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन: 15 लाख रुपए
– प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन: 37 लाख रुपए
– छोटे पारा में सीसी रोड: 18 लाख रुपए
– एकलव्य विद्यालय में पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला: 15 लाख रुपए
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से गांव के लोगों और स्कूली बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत लगाया अमरूद का पौधा
‘मन की बात’ सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमरूद का पौधा लगाया।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण बचाना केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, विधायक विक्रम उसेंडी, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



