
सेवा संकल्प अभियान में स्वास्थ्य जांच शिविर, 257 लोगों ने कराया पंजीयन
बिलासपुर, 22 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन के सहयोग से अपोलो अस्पताल द्वारा प्रार्थना सभाकक्ष में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
शिविर में कुल 257 लोगों ने पंजीयन कराया। इस दौरान लीवर और अलग-अलग प्रकार के कैंसर की जांच के साथ डॉक्टरों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह भी दी।
82 लोगों की लीवर जांच
शिविर में 82 लोगों ने विशेष लीवर जांच का लाभ लिया। वहीं 72 लोगों की सर्वाइकल कैंसर की जांच की गई।
इसके अलावा 68 लोगों ने ब्रेस्ट कैंसर जांच के लिए पंजीयन कराया। इन लोगों की अपोलो अस्पताल में निःशुल्क जांच की जाएगी।
साल में कम से कम एक बार स्वास्थ्य जांच जरूरी
संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने कहा कि अपोलो अस्पताल सामाजिक गतिविधियों में लगातार सहयोग कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति को साल में कम से कम एक बार अपने स्वास्थ्य की जांच जरूर करानी चाहिए।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि संतुलित खान-पान और अच्छी दिनचर्या अपनाकर स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
शिविर में संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
29 सितंबर को होगा वॉकथान
अपोलो अस्पताल के प्रबंधक श्री अजय जाड़े ने बताया कि 29 सितंबर को वर्ल्ड हार्ट डे के अवसर पर वॉकथान आयोजित किया जाएगा। इसमें जिला प्रशासन के अधिकारी और स्कूली बच्चे शामिल होंगे।
कार्यक्रम में अपोलो अस्पताल के महाप्रबंधक श्री विवेक द्विवेदी और मार्केटिंग विभाग के श्री राघवेन्द्र साहू भी उपस्थित रहे।



