17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तैयारियों की समीक्षा की

 

रायपुर, 9 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।

 

अभियान की तैयारियों को लेकर वित्त मंत्री एवं संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की प्रशासनिक बैठक ली।

 

बैठक में उन्होंने अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, कार्ययोजना, विभागीय जिम्मेदारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी ली।

 

जनभागीदारी से सफल बनाने के निर्देश

 

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे व्यापक जनभागीदारी का रूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, स्कूल-कॉलेज, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों को अभियान से जोड़ा जाए।

 

17 सितंबर की शाम हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

 

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत परिवारों को दीप प्रज्वलन से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा।

 

बच्चों के सपनों से बनेगा विकसित भारत का चित्र

 

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी और निजी स्कूलों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

 

बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

 

गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’

 

‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे हुए सकारात्मक बदलावों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

 

आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का उत्सव’

 

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं और बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा।

 

कार्यक्रम में पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

 

‘कहानी बदलाव की’ में दिखेंगी सफलता की कहानियां

 

अभियान के दौरान सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत संकलित की जाएंगी। इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।

 

‘सेवा ज्योति यात्रा’ से जुड़ेगा जन-जन

 

25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करने के लिए गांव, जिला और राज्य स्तर पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जाएगी। इसे व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

 

नागरिक भी बनेंगे सेवा अभियान का हिस्सा

 

‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नागरिक और विभिन्न संस्थाएं सेवा गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगी। नदी-घाट स्वच्छता सहित कई सेवा कार्य अभियान में शामिल किए जाएंगे।

 

इसके अलावा ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें योजनाओं से जोड़ने पर जोर रहेगा।

 

कई अन्य गतिविधियां भी होंगी

 

अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।

 

बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close