
पंचायत के कामों में लापरवाही पर सीईओ नाराज, स्वीकृत काम तुरंत शुरू कराने के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 2 सितंबर 2026। जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और एनआरएलएम सहित कई योजनाओं के कामों की स्थिति देखी गई।
सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कामों को मंजूरी मिल चुकी है, उन्हें बिना देरी के शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी काम समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए। योजनाओं में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

काम शुरू नहीं होने पर जताई नाराजगी
विकसित भारत जी राम जी योजना की ग्राम पंचायतवार समीक्षा के दौरान मानव दिवस सृजन, मजदूरी भुगतान, मस्टर रोल, एनएमएमएस उपस्थिति, ई-केवाईसी और स्वीकृत कार्यों की जानकारी ली गई। कई स्वीकृत काम शुरू नहीं होने पर सीईओ ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने जल संरक्षण से जुड़े कामों को प्राथमिकता से पूरा करने और उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में अनुपस्थित तकनीकी सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास के काम समय पर पूरे कराने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा में स्वीकृत, निर्माणाधीन और अधूरे मकानों की जानकारी ली गई। सीईओ ने कहा कि अधूरे आवासों को तय समय में पूरा कराया जाए। पात्र हितग्राहियों को किस्त की राशि समय पर मिले, इसका भी ध्यान रखा जाए।
लंबित प्रकरणों और एबीसी श्रेणी के मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। सीईओ ने प्रत्येक घर से अलग-अलग प्रकार के कचरे का संग्रहण कराने और यूजर चार्ज की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खुले में कचरा फेंकने और कचरा जलाने पर कार्रवाई करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।
महिला स्व-सहायता समूहों के काम में तेजी लाने के निर्देश
एनआरएलएम की समीक्षा के दौरान स्व-सहायता समूहों को मजबूत बनाने, परिवारों को योजनाओं से जोड़ने और बैंक से ऋण दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के लिए भी अधिकारियों को कहा गया।
बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी एवं प्रभारी उप संचालक पंचायत बरनसिंह मंडावी सहित जिला और जनपद स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।



