
विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय-सीमा में पूरा करें कार्य: प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी
जांजगीर-चांपा, 20 अगस्त 2026। जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों, विभिन्न शासकीय योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं और निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जाए।

बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
आम लोगों की समस्याओं का जल्द करें समाधान
प्रभारी मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों के काम समय पर होना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। भ्रष्टाचार और लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने जिले की बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर सहित अन्य प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मापदंडों का पालन करने और गुणवत्ता की लगातार जांच करने के निर्देश दिए।
बिजली व्यवस्था को लेकर जताई नाराजगी
बारिश के दौरान बार-बार बिजली बंद होने की शिकायतों पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति में व्यवधान होने पर उसका जल्द समाधान किया जाए और लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।
उन्होंने बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
राजस्व मामलों का समय पर हो निराकरण
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए ओ.पी.चौधरी ने कहा कि राजस्व विभाग के काम सीधे आम नागरिकों और ग्रामीणों से जुड़े होते हैं। इसलिए राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहने तथा आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए। विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आवश्यक रूप से आमंत्रित करने को कहा।
पीएम सूर्यघर और प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा
प्रभारी मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों के घर गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल लगाने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को किस्त जारी करने में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। योजना का लाभ लेने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।
महतारी वंदन योजना के शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी कराने के निर्देश
महतारी वंदन योजना की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूरी कराने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों और पुराने आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मत कार्यों में भी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
किसानों को उद्यानिकी और आधुनिक खाद के उपयोग के लिए करें जागरूक
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में जिले में फल एवं सब्जी उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली गई। मंत्री ने किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में खाद और बीज की उपलब्धता की जानकारी ली गई। उन्होंने किसानों के बीच नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाने को कहा।
अवैध रेत उत्खनन पर सख्ती के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।
बैठक में ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस और कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।



