
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सड़कों और भवनों के कार्यों की समीक्षा की
जांजगीर-चांपा, 28 मई 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज जांजगीर-चांपा जिले के प्रवास के दौरान सड़कों और भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जांजगीर विश्राम गृह में आयोजित बैठक में अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी उपस्थित थे।
बैठक में सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बरसात से पहले सड़कों में पेच रिपेयर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का परीक्षण कर प्रत्येक माह भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा।

उन्होंने सक्ती के नया जिला बनने के बाद प्रशासनिक सुविधा एवं कार्यों में कसावट लाने के उद्देश्य से विभाग के पुराने संभागों के पुनर्गठन पर जोर देते हुए जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले में दो-दो संभाग रखने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 एवं वर्ष 2025-26 के लंबित कार्यों की प्राथमिकता सूची तैयार कर 31 जुलाई तक प्राक्कलन भेजने को कहा।
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने समय-सीमा से पीछे चल रहे कार्यों की जानकारी लेकर उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पामगढ़-डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए जल्द कार्य प्रारंभ कराने को कहा।
उन्होंने जांजगीर कलेक्टोरेट भवन निर्माण कार्य में तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही समुचित कार्ययोजना बनाकर पूरे परिसर के बेहतर विकास पर जोर दिया। ऑडिटोरियम रिनोवेशन कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिले में प्रस्तावित द्रुतगामी सड़कों के प्राक्कलन 30 जून तक भेजने के निर्देश दिए गए। सचिव श्री बंसल ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्ती करते हुए नियमानुसार ब्लैकलिस्ट एवं टर्मिनेट करने की कार्रवाई करने को कहा।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे, जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत, एन.के. लाल, जे.पी. तिग्गा सहित जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित थे।



