
आंगनबाड़ी केंद्र में श्रमदान एवं सामूहिक भोज का हुआ आयोजन
जांजगीर-चांपा, 23 अप्रैल 2026/ कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिलेभर में 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 22 अप्रैल को बम्हनीडीह के चांपा शहरी क्षेत्र, ग्राम हथनेवरा (सेक्टर बिर्रा) के ग्राम सिलादेही तथा जांजगीर के ग्राम सेंदरी में विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
पोषण पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्राम सेंदरी में विशेष रूप से पुरुषों को भी परिवार में महिलाओं और बच्चों के पोषण का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान सब्जियों से बने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं पोषण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
ग्राम हथनेवरा में “स्वच्छता एवं सुधार कार्य (श्रमदान)” के तहत ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र परिसर की साफ-सफाई कर आवश्यक सुधार कार्य किए। इस सामूहिक प्रयास से केंद्र का वातावरण अधिक स्वच्छ और बच्चों के अनुकूल बन गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत “सामुदायिक भोज” का भी आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने मिलकर सहभागिता निभाई। साथ ही बच्चों के लिए समुदाय द्वारा भेंट किए गए खिलौनों और शिक्षण सामग्री का प्रदर्शन भी किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि बच्चों को बेहतर, सुरक्षित और संसाधनयुक्त वातावरण मिल सके।



