
एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने निकली छत्तीसगढ़ की बेटी, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
रायपुर, 6 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले की युवा पर्वतारोही सुश्री अमिता श्रीवास को उनके आगामी माउंट एवरेस्ट अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में अमिता श्रीवास से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि 9 अप्रैल को वे काठमांडू के लिए रवाना होंगी और एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने का संकल्प लेकर जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक है। यदि संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी ऊंचाई असंभव नहीं रहती।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमिता श्रीवास ने 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माउंट किलिमंजारो फतह कर अपनी क्षमता साबित की थी। उनका यह प्रयास युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि अमिता अपने अभियान में सफल होकर देश का तिरंगा लहराएंगी और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।



