
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: तैराकी में कर्नाटक का दबदबा, महिला वर्ग में ओडिशा बनी चैंपियन
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के तहत तैराकी प्रतियोगिताओं का समापन शानदार अंदाज में हुआ। देशभर से आए खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें पुरुष वर्ग में कर्नाटक ने अपना दबदबा कायम रखते हुए ओवरऑल टीम चैंपियनशिप का खिताब जीता।
पुरुष वर्ग में कर्नाटक ने 123 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि असम 69 अंकों के साथ उपविजेता और ओडिशा 31 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं महिला वर्ग में ओडिशा ने 102 अंकों के साथ चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। कर्नाटक 50 अंकों के साथ उपविजेता और मेजबान छत्तीसगढ़ 38 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
छत्तीसगढ़ की अनुष्का भगत का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की तैराक अनुष्का भगत ने लगातार चौथा रजत पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। उन्होंने महिला 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उनके प्रदर्शन से प्रदेश के खिलाड़ियों में नया उत्साह देखने को मिला।
विभिन्न स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन
आज आयोजित प्रतियोगिताओं में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले—
पुरुष 100 मीटर फ्रीस्टाइल: कर्नाटक के धोनिश ने स्वर्ण, असम के फर्मिनो एमोन लालुंग ने रजत, कर्नाटक के कीर्थन शरथ ने कांस्य
महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल: ओडिशा की रितिका मिन्ज ने स्वर्ण, कृष्णा प्रिया नायक ने रजत, असम की वायोलिना क्रो ने कांस्य
पुरुष 50 मीटर बैकस्ट्रोक: असम के निबिर निलिम क्रो ने स्वर्ण, कर्नाटक के धोनिश ने रजत, ओडिशा के राजेश सोरेन ने कांस्य
महिला 50 मीटर बैकस्ट्रोक: ओडिशा की अंजलि मुंडा ने स्वर्ण, छत्तीसगढ़ की अनुष्का भगत ने रजत, कर्नाटक की मेघांजली ने कांस्य
रिले स्पर्धाओं में भी शानदार मुकाबले
पुरुष 4×100 मीटर मेडले: कर्नाटक (स्वर्ण), असम (रजत), त्रिपुरा (कांस्य)
महिला 4×100 मीटर मेडले: ओडिशा (स्वर्ण), त्रिपुरा (रजत), गुजरात (कांस्य)
छत्तीसगढ़ 6वें स्थान पर
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में अब तक छत्तीसगढ़ ने कुल 8 पदक (1 स्वर्ण, 4 रजत, 3 कांस्य) अपने नाम किए हैं और पदक तालिका में छठे स्थान पर बना हुआ है। प्रतियोगिता में कर्नाटक और ओडिशा का दबदबा देखने को मिला, वहीं छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन कर भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत दिए हैं।



