
जनगणना की तैयारी तेज: बिलासपुर में फील्ड ट्रेनर्स का चरणबद्ध प्रशिक्षण जारी
बिलासपुर, 27 मार्च 2026। जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत सभागार में फील्ड ट्रेनर्स का चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान संदीप अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे एवं एडीएम शिव कुमार बनर्जी भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि आगामी जनगणना कार्य को पारदर्शी, समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझकर मैदानी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाना है। इसमें गणना की विधि, प्रपत्रों के सही उपयोग, डेटा संकलन की शुद्धता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
नगर पालिक निगम बिलासपुर क्षेत्र के कुल 26 फील्ड ट्रेनर्स को 27 से 29 मार्च तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे पहले 23 से 25 मार्च तक आयोजित प्रथम बैच में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के 45 ट्रेनर्स को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, ताकि आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा।



