
सीएमएचओ ने किया संवेदना पुनर्वास केंद्र का दौरा मानसिक रोगियों की स्वास्थ्य जांच कर किया परामर्श
कोण्डागांव 01 मार्च 2022 l रविवार को जिले के मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ0 टीआर कुंवर ने जिले में जिला प्रशासन द्वारा संवेदना योजना अंतर्गत संचालित मानसिक रोग पुनर्वास केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ जिला अस्पताल के डॉ0 महेश सांडिल्य एवं डीपीएम सोनल ध्रुव तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान पुनर्वास केंद्र के संचालक संस्था शांति फॉउन्डेशन के यतीन्द्र सलाम ने उन्हें मानसिक रोगियों से मिलाया एवं सभी के साथ बैठ कर उन्होंने काउंसिलिंग की साथ ही सभी का स्वास्थ्य जांच करने के साथ उनके स्वास्थ्य सुधार हेतु आवश्यक सलाह के साथ दवाइयां भी उपलब्ध कराई। इस दौरान सीएमएचओ ने पुनर्वास केंद्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए की गई व्यवस्थाओं की प्रशंसा भी की और कहा कि संवेदना कार्यक्रम द्वारा समाज का ऐसा वर्ग जिसे आज तक अनदेखा किया जाता था उनके उपचार एवं पुनर्वास हेतु प्रयास किये जा रहे हैं जो कि अपने आप में एक मिसाल है। मानसिक रोगियों के लिए आवश्यक है कि उनकी संवेदनशीलतापूर्वक देखभाल किया जाए। इस दौरान केंद्र के मरीजों में भी उत्साह दिखा।


