बिलासपुर 31 जनवरी 2021। विश्व पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस 31 जनवरी को कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करते हुए बिलासपुर जिले के सभी विकासखण्ड एवं शहरी क्षेत्र में शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जायेगी। टीकाकरण सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत टीकाकरण 31 जनवरी को एक ही चरण में संचालित होगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्ययोजना तैयार की जा चुकी है। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला टास्क फोर्स की बैठक की जा चुकी है। विकासखण्ड एवं सेक्टर स्तरीय प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
शून्य से 5 वर्ष के लक्षित बच्चे जिले में लगभग 271193 है। इन बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने के लिए 1490 बूथ बनाये गये हैं। 1 एवं 2 फरवरी 2021 को कार्यकर्ता घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को व दुर्गम पहुंचविहीन क्षेत्रों में जाकर पोलियो दवा पिलाएंगे। रेल्वे स्टेशन, बस स्टैण्ड में भी मोबाइल टीम तैनात रहेगी, जो कि आने जाने वाले यात्रियों के बच्चों को दवा पिलायेगी। प्रत्येक विकास खण्ड के लिए पर्यवेक्षण, निरीक्षण हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है।
इस कार्यक्रम की सफलता के लिए सघन रूप से बैनर, पोस्टर, नारा लेखन के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया है। विकासखण्ड के सभी ग्रामों में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई गई है। गांवों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यक्रर्ता, मितानिनों द्वारा रैली के माध्यम से पल्स पोलियो अभियान की जानकारी दी गई है।