शिवरीनारायण महानदी में एक अज्ञात महिला का शव,जांच में जुटी पुलिस
शिवरीनारायण क्षेत्र में आज सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब महानदी नदी में एक अज्ञात महिला का शव पानी में तैरते हुए देखा गया। नदी किनारे मौजूद लोगों ने शव को तैरते हुए देखा तो तुरंत इसकी सूचना शिवरीनारायण थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है तथा गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर महिला की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।
शिवरीनारायण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना शिवरीनारायण में संपर्क करें।



