
सोनमणि बोरा ने प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का संभाला कार्यभार
रायपुर, 19 अगस्त 2026। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सोनमणि बोरा (भा.प्र.से.-1999) ने बुधवार को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन का कार्यभार ग्रहण किया।
राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे प्रमुख सचिव, आदिम जाति विकास विभाग, अनुसूचित जाति विकास विभाग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का दायित्व संभाल रहे थे। इसके साथ ही वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।
अधिकारियों से ली विभागीय योजनाओं की जानकारी
कार्यभार ग्रहण करने के बाद सोनमणि बोरा ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं, कार्यक्रमों और विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए विभागीय गतिविधियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर विभाग के संचालक रिमिजियुस एक्का, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, उप सचिव भागवत जायसवाल, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा, संयुक्त संचालक मिथिलेश अवस्थी, उप संचालक अरुण साहू, सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरि, अधीक्षण अभियंता रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर के विकास में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
सोनमणि बोरा की राज्य गठन के बाद रायपुर को राजधानी के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे रायपुर नगर पालिक निगम, रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) और बिलासपुर विकास प्राधिकरण (BDA) में आयुक्त एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव के दौरान उन्होंने रायपुर और बिलासपुर के नगरीय विकास के साथ-साथ कवर्धा, जांजगीर-चांपा और मुंगेली सहित विभिन्न जिलों के विकास कार्यों में भी भूमिका निभाई है।
उनके कार्यकाल में सफाई मित्र योजना, बूढ़ातालाब सहित अन्य तालाबों के संवर्धन, विकास एवं पुनरोद्धार तथा रायपुर के महादेव घाट में मूर्ति विसर्जन के लिए स्थान निर्धारित कर कार्य प्रारंभ कराने जैसे कार्य हुए।
इसके अलावा नगरीय क्षेत्रों के विद्यालयों के कायाकल्प, रायपुर नगर निगम में जन्म-मृत्यु पंजीयन को ऑनलाइन करने और लेखा संबंधी कार्यों को मैनुअल प्रणाली से सॉफ्टवेयर आधारित करने जैसे कार्य भी उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहे हैं।
जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग नगरीय निकायों के माध्यम से नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहरी विकास से संबंधित योजनाओं के संचालन एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यभार संभालने के बाद बोरा ने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़े विभागीय कार्यक्रमों और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली योजनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उनके कार्यभार ग्रहण करने के साथ नगरीय विकास से जुड़े कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिलने की उम्मीद है।



