
विश्व फोटोग्राफी दिवस पर रायपुर प्रेस क्लब में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी शुरू, स्वास्थ्य मंत्री ने किया उद्घाटन
रायपुर, 19 अगस्त 2026। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। इस अवसर पर रायपुर के प्रेस फोटो जर्नलिस्टों के साथ प्रोफेशनल और शौकिया फोटोग्राफरों की उत्कृष्ट तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई गई।
प्रदर्शनी में प्रकृति, छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं परंपरा, समाचार और जनसरोकार से जुड़े विषयों को तस्वीरों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इस वर्ष प्रदर्शनी को और व्यापक बनाते हुए ओपन कैटेगरी में गैर सदस्य प्रोफेशनल एवं शौकिया फोटोग्राफरों को भी भागीदारी का अवसर दिया गया, जिसमें 35 से अधिक प्रतिभागियों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं।

फोटोग्राफी केवल कला नहीं, बड़ी जिम्मेदारी भी : श्याम बिहारी जायसवाल
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि फोटोग्राफी केवल कैमरे से तस्वीर लेने का काम नहीं, बल्कि इतिहास के लिए महत्वपूर्ण क्षणों को सुरक्षित रखने की कला और जिम्मेदारी है। खासकर फोटो जर्नलिज्म में कम समय में सही क्षण, सही एंगल और परिस्थितियों को समझकर तस्वीर कैद करना बड़ी चुनौती होती है।

उन्होंने कहा कि कई बार शब्दों से कही गई लंबी खबर की तुलना में एक प्रभावशाली तस्वीर कुछ ही क्षण में पूरी कहानी लोगों तक पहुंचा देती है। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी नई पीढ़ी के फोटोग्राफरों के लिए प्रेरणादायक मंच साबित होगी।
तस्वीर पत्रकारिता की अधूरी खबर को पूरा करती है : मोहन तिवारी
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि ‘दृश्य संवाद’ केवल फोटो प्रदर्शनी नहीं, बल्कि तस्वीरों के माध्यम से समाज और समय से संवाद करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में फोटो जर्नलिस्ट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि एक सशक्त तस्वीर बिना कैप्शन के भी पूरी खबर कहने की क्षमता रखती है।
उन्होंने बताया कि फोटो जर्नलिस्ट द्वारा कैमरे में कैद किया गया हर महत्वपूर्ण क्षण आने वाले समय में उस घटना का दस्तावेज बन जाता है। रायपुर प्रेस क्लब भविष्य में भी विश्व फोटोग्राफी दिवस पर इस तरह की गतिविधियों की परंपरा को आगे बढ़ाएगा।
कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू सहित वरिष्ठ पत्रकारों, फोटो जर्नलिस्टों एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय ‘दृश्य संवाद 2026’ फोटो प्रदर्शनी में दर्शक छत्तीसगढ़ की प्रकृति, संस्कृति, समाज और महत्वपूर्ण घटनाओं को तस्वीरों के माध्यम से एक अलग दृष्टिकोण से देख सकेंगे।



