
ई-केवाईसी से राशन वितरण में आएगी पारदर्शिता, दो दिन में 1697 लोगों ने शिविर का लिया लाभ
आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया गया पोषण माह, बच्चों और महिलाओं के लिए हुईं कई गतिविधियां
बिलासपुर, 29 सितंबर 2026। राशनकार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान और ई-केवाईसी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जिले में सेवा संकल्प शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में राशनकार्डधारियों को कई तरह की सुविधाएं एक ही जगह पर दी जा रही हैं।
29 सितंबर को नगर निगम जोन क्रमांक-3 मुख्यालय (टाउन हॉल) सहित जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में शिविर लगाए गए। यहां लोगों की ई-केवाईसी, राशनकार्ड में नाम जोड़ने या हटाने, नाम और अन्य जानकारी में सुधार, नया राशनकार्ड बनाने के आवेदन के साथ आधार और मोबाइल नंबर जोड़ने जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
दो दिनों में 1697 हितग्राही पहुंचे
28 और 29 सितंबर को आयोजित शिविरों में अब तक 1697 हितग्राहियों ने पहुंचकर विभिन्न सेवाओं का लाभ लिया। विभाग की ओर से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया।
खाद्य विभाग की राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी एवं खाद्य संचालक फरिहा आलम सिद्दीकी ने बिल्हा विकासखंड और नगर निगम बिलासपुर में लगाए गए शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को जल्द निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने राशनकार्ड में दर्ज जिन सदस्यों की ई-केवाईसी अभी बाकी है, उनकी ई-केवाईसी जल्द पूरी कराने के निर्देश भी दिए। शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्षद भी मौजूद रहे।
करीब 1 लाख सदस्यों की ई-केवाईसी बाकी
बिलासपुर जिले में करीब 5.77 लाख राशनकार्डधारी परिवार हैं, जिनमें लगभग 18.46 लाख सदस्य दर्ज हैं। इनमें करीब 1 लाख सदस्यों की ई-केवाईसी अभी बाकी है।
खाद्य विभाग ने ऐसे सभी राशनकार्डधारी परिवारों से जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की है, ताकि आगे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।
ई-केवाईसी पूरी होने से राशन वितरण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।



