
जनदर्शन में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सुनी जनता की समस्याएं, 45 आवेदन मिले
जांजगीर-चांपा, 1 सितंबर 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।
पेंशन और राशन कार्ड से जुड़े आवेदन
जनदर्शन में तहसील जांजगीर के ग्राम सिवनी (नैला) निवासी शिवलाल धीवर ने वृद्धा पेंशन से संबंधित आवेदन दिया। वहीं जांजगीर के इंदिरा नगर निवासी उमरी देवी ने महतारी वंदन योजना और राशन कार्ड से जुड़ी समस्या को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।
विकासखंड बम्हनीडीह के ग्राम परसापली निवासी लखेश्वरी सूर्यवंशी ने राशन कार्ड के संबंध में अपनी समस्या रखी।
प्रधानमंत्री आवास और अतिक्रमण का मामला भी पहुंचा
जनपद पंचायत बलौदा के ग्राम बुड़गहन निवासी बोधराम ने प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन दिया। वहीं तहसील सारागांव अंतर्गत ग्राम अमरूवा निवासी भरतलाल बरेठ ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।
इसके अलावा जनदर्शन में सीमांकन, नामांतरण, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही उनकी समस्याओं का नियमानुसार जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर प्रभावी कार्रवाई हो और नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।



