
बलरामपुर की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ली समीक्षा बैठक, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश
रायपुर, 21 अगस्त 2026। महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री तथा बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक प्रभाव मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। इसके लिए अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं और निर्माण कार्यों की निगरानी करें तथा गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें।
मंत्री ने कहा कि शासन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ही जिले का समग्र विकास संभव है। सभी विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।
एग्रीस्टेक और पीएम किसान में शत-प्रतिशत पंजीयन पर जोर
समीक्षा बैठक में मंत्री ने न्यायालय में लंबित प्रकरणों, अविवादित एवं विवादित खाता विभाजन, सीमांकन और एग्रीस्टेक पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों का एग्रीस्टेक और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई पात्र किसान योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
खाद-बीज के भंडारण और वितरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा।
हर घर में मुनगा लगाने पर जोर
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केंद्रों में सुपोषण वृक्ष मुनगा के रोपण की जानकारी लेते हुए हर घर मुनगा वृक्ष लगाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुनगा पोषण का अच्छा स्रोत है और इसे पोषण अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को जैविक खेती और सब्जी उत्पादन से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए, ताकि महिलाओं की आय बढ़ने के साथ परिवारों के पोषण स्तर में सुधार हो सके।
स्कूल भवनों की गुणवत्ता और बच्चों की सुरक्षा प्राथमिकता
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्माणाधीन स्कूल भवनों में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने तथा मरम्मत योग्य भवनों की समय पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। न्योता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने तथा आश्रम-छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
स्कूलों के सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी, साफ-सफाई और समुचित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा
मंत्री ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, खराब हैंडपंपों का तत्काल सुधार तथा जलस्रोतों के संरक्षण और जलसंचय कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।
स्वास्थ्य और पशुपालन योजनाओं पर भी ध्यान
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण और गौधाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने अधिक से अधिक पशुपालकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की निगरानी
राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और पीएम जनमन सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का चिन्हांकन और सीमांकन कर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा।
हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने वर्षा एवं बोवाई की स्थिति, एग्रीस्टेक पंजीयन, वीबी-जी रामजी, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास, पीएम जनमन आवास और सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने अपराध, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं और हेलमेट जागरूकता अभियान की जानकारी दी।
वनमण्डलाधिकारी आलोक वाजपेयी ने वन विभाग के कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान मंत्री ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, नियमित मुनादी और ग्रामीणों को समय पर सचेत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि रोकने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, विधायक प्रतिनिधि बलवंत सिंह सहित जिले के अधिकारी उपस्थित रहे।



