
लोक निर्माण विभाग में निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश, अधिकारियों को सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहने को कहा
रायपुर, 20 अगस्त 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में हुई समीक्षा बैठक में विभागीय अभियंताओं से उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करना विभाग की प्राथमिकता है। सड़कों और पुलों के नए प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव मौजूद रहे।
सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहेंगे अधिकारी
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को सक्रिय होकर काम करने तथा प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्य तेजी से पूरा करने को कहा। उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिलों के कलेक्टरों से बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।
मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। ठेकेदारों के कार्यों पर लगातार नजर रखने और निर्धारित मापदंडों के अनुसार निर्माण कराने को कहा गया।
अक्टूबर तक शुरू हों निविदा वाले काम
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्देश दिए कि जिन नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू कराया जाए। काम शुरू होने के बाद उसकी गति और गुणवत्ता दोनों की लगातार निगरानी करने को कहा।
उन्होंने सड़कों और पुलों के रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया। बरसात में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
भू-अर्जन के मामलों का एक महीने में करें निराकरण
मुकेश कुमार बंसल ने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की स्थिति की जांच करने को कहा।
उन्होंने भू-अर्जन से जुड़े नए और पुराने मामलों में नामांतरण की प्रक्रिया एक महीने के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने को भी कहा।
विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
बैठक में विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की भी समीक्षा की गई। सचिव ने विभागीय भवनों में साफ-सफाई, रखरखाव और पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग की उप सचिव अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे एवं जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



