
पुराने प्रेम प्रसंग के विवाद में महिला की हत्या, आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
बलौदाबाजार, 12 जून 2026। बलौदाबाजार नगर में एक महिला की निर्मम हत्या के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुराने विवाद के चलते महिला पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी देवेन्द्र ध्रुव उर्फ डमरू (25 वर्ष) निवासी सिविल लाइन, बलौदाबाजार है। उसके विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 476/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
मामले के प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पुष्पा ध्रुव और आरोपी के बीच पूर्व में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद था। परिवार द्वारा पहले भी दोनों को समझाइश दी गई थी। 11 जून 2026 को दोपहर बाद इसी पुराने विवाद के चलते आरोपी ने महिला पर ईंट से लगातार प्राणघातक वार कर दिए। चेहरे और सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित ईंट, सीमेंट कंक्रीट का टुकड़ा, खून लगी मिट्टी, सादी मिट्टी तथा मृतका की टूटी चूड़ियां जब्त कीं। साथ ही आरोपी के खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा गवाहों के बयान दर्ज किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध और गंभीर हिंसात्मक घटनाओं पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी तथा दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।



