
खनिज माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, 5 हाईवा और 7 ट्रैक्टर जब्त
जांजगीर-चांपा, 13 मई 2026। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हाईवा और 7 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए औचक जांच अभियान के दौरान की गई।
खनिज अधिकारी ने बताया कि केवा नवापारा क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 4 हाईवा वाहन जब्त कर पुलिस लाइन खोखरा एवं चांपा थाना में सुरक्षित रखा गया। वहीं तहसील बलौदा के केराकछार क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 1 हाईवा को जब्त कर थाना पंतोरा में रखा गया।
इसके अलावा 2 ट्रैक्टर गिट्टी एवं 1 ट्रैक्टर ईंट का अवैध परिवहन करते पकड़े गए, जिन्हें जब्त कर बलौदा थाना के सुपुर्द किया गया। रेत के अवैध परिवहन पर कार्रवाई करते हुए 1 अन्य ट्रैक्टर भी जब्त किया गया।
तहसील बम्हनीडीह क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान ईंट का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 3 ट्रैक्टर जब्त कर थाना बम्हनीडीह की अभिरक्षा में सौंपे गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



