
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जापान के प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य मुलाकात
रायपुर, 25 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान राज्य में निवेश, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की उद्योगोन्मुखी और निवेश प्रोत्साहनकारी नीतियों के चलते राज्य वैश्विक निवेशकों के लिए तेजी से उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। उन्होंने अपने जापान प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि जापान की उन्नत तकनीकी विशेषज्ञता का लाभ छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के सहयोग से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने राज्य की नई औद्योगिक नीति की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए पारदर्शी और अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। उन्होंने प्रदेश में अपने निवेश को और बढ़ाने की इच्छा भी व्यक्त की।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एफएसएनएल के डायरेक्टर युकीहिरो मोमोसे, कोनोइके ट्रांसपोर्ट के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर तोशीहीरो फूजीवारा, एफएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील कुमार दीक्षित तथा हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व सीएमडी के. डी. दीवान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



