
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक
जांजगीर-चांपा, 25 अप्रैल 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के राजस्व अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और प्रशासनिक कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
बैठक में सुशासन तिहार (1 मई से 10 जून) एवं राजस्व पखवाड़ा (4 मई से 18 मई) की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही पारदर्शी और प्रभावी निराकरण किया जाए, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने शासकीय भूमि के संरक्षण, सीमांकन और अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी भूमि का भौतिक सत्यापन कर सूची तैयार की जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध रेत परिवहन, अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा बंटांकन, रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण एवं त्रुटि सुधार जैसे राजस्व प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। ई-कोर्ट, भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान सहित अन्य लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा एग्रीस्टैक परियोजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, जियो-रेफरेंसिंग, आधार सीडिंग और राजस्व अभिलेखों के डिजिटलीकरण में तेजी लाने पर जोर दिया गया। लोक सेवा गारंटी, शिकायत शाखा और टीएल प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



