
दो दिवसीय ‘अरपा बचाओ अभियान यात्रा’ आज से शुरू 20 वर्षों से नदी और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सतत प्रयास
बिलासपुर, 10 अप्रैल 2026/ बिलासा कला मंच द्वारा पिछले दो दशकों से ‘अरपा बचाओ अभियान’ के तहत जल संरक्षण की दिशा में लगातार सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में दो दिवसीय अभियान यात्रा 11 अप्रैल से शुरू होने जा रही है, जिसका उद्देश्य अरपा नदी और उसकी सहायक नदियों के अस्तित्व को बचाने के प्रति जनजागरूकता फैलाना है।
यह यात्रा अरपा नदी के उद्गम स्थल अमरपुर पेंड्रा से लेकर शिवनाथ नदी के संगम स्थल मंगला पासीद तक की पूरी धारा को जोड़ते हुए लगभग 40 सहायक नदियों के संरक्षण का संदेश देगी।
यात्रा का रूट और कार्यक्रम
11 अप्रैल को सुबह 8 बजे राघवेंद्र राव सभा भवन से यात्रा दल रवाना होगा। यह दल मंगला, घुटकू होते हुए अरपा भैंसाझार जलाशय और चांपी जलाशय के रास्ते अमरपुर पेंड्रा (उद्गम स्थल) पहुंचेगा।
दूसरे दिन 12 अप्रैल को यात्रा पेंड्रा से खोडरी, खोंगसरा, कोनचरा होते हुए बेलगहना और रतनपुर पहुंचेगी। यहां नगर के प्रबुद्धजनों के साथ तालाबों के संरक्षण पर चर्चा की जाएगी और सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद सेंदरी और कोनी होते हुए शाम को बिलासपुर में यात्रा का समापन होगा।
जनजागरूकता का संदेश
यह अभियान न केवल यात्रा तक सीमित है, बल्कि समाज को नदियों और जल स्रोतों के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराने का भी एक प्रयास है। यात्रा के दौरान टीम विभिन्न स्थानों पर लोगों से संवाद कर समस्याओं को समझेगी और समाधान की दिशा में प्रेरित करेगी।
अभियान से जुड़े प्रमुख सदस्य
इस अभियान में संयोजक डॉ. सोमनाथ यादव के नेतृत्व में डॉ. सुधाकर बिबे, राजेंद्र मौर्य, देवानंद दुबे, रामेश्वर गुप्ता, एम.डी. मानिकपुरी, अश्विनी पांडेय और अनूप श्रीवास सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।



