बिलासपुर 21 दिसंबर 2020। ऑनलाइन फ्राड करने वाले ठगी के नये नये तरीको से आम लोगों को अपना शिकार बना रहे है। हाल ही में ऐसे ही बिलासपुर चिंगराजपरा निवासी पुसरुराम साहू से ठग ने विदेशी महिला बनकर फेसबुक में दोस्ती कर लाखो की ठगी का शिकार बनाया।
सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा निवासी पुसरुराम साहू उम्र 47 वर्ष से अज्ञात विदेशी महिला ने फेसबुक पर दोस्ती कर और 40,000 अमेरिकन डॉलर गिफ़्ट में भेजने व उसके लिए कस्टम डयूटी के नाम पर 2,50,500 अपने बैंक एकाउंट में डलवाकर ठगी कर ली । जिसकी रिपोर्ट प्रार्थी ने सरकंडा थाने में दर्ज कराई थी। जिस पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 169/2020 धारा 420,34 भादवि कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया और साइबर सेल के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की गई तथा जमा कराए गए पैसों के खाते के संबंध में जानकारी जुटाई गई।
इसी दौरान पुलिस को जांच में एक अहम जानकारी हासिल हुआ कि आरोपी दिल्ली के आसपास का है। जिसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई और उनसे प्राप्त निर्देशों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की एक टीम साइबर सेल प्रभारी कलीम खान के नेतृत्व में गठित कर दिल्ली के लिए रवाना किया गया। जंहा आरोपियों की पतासाजी व लोकेशन का पता लगाने पुलिस की टीम लगातार 10 दिनों तक दिल्ली में डेरा जमाये रहा और आरोपियों के लोकेशन के आधार पर अलग अलग ठिकानों में रेड की कार्यवाही करती रही। जंहा पुलिस क़ी टीम को आगरा से एक नाइजीरिया आरोपी सहित 2 आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल हुआ। आरोपी सोनू वर्मा व नामडी डोनाल्ड मूल, निवासी नाइजीरिया से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए प्रार्थी के साथ फेसबुक पर विदेशी महिला का फर्जी आई डी बनाकर तथा फॉरेन करेंसी भेजने व कस्टम ड्यूटी के नाम पर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।
प्रकरण के आरोपी सोनू वर्मा पिता श्यामलाल वर्मा उम्र 37 वर्ष निवासी मेंहरौली, दिल्ली व दूसरा आरोपी नामडी डोनाल्ड पिता चुकवूनलो उम्र 45 वर्ष निवासी कृष्णा पार्क दिल्ली स्थायी निवास- म. न. 35 आइगोल्डा स्टेट, नाइजीरिया दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर पुलिस ने न्याययिक रिमांड में भेजा है।
उक्त प्रकरण में टीम के प्रभारी कलीम खान, प्रभाकर तिवारी, सुमेन्द्र खरे, अवधेश सिंह, धर्मेंद्र साहू, नवीन एक्का, दीपक उपाध्याय, बलबीर सिंह, विकास यादव आदि का योगदान सराहनीय रहा।