
दशगात्र कार्यक्रम में भोजन के बाद अस्वस्थ हुए 10 लोग, सभी की हालत सामान्य
जांजगीर-चांपा, 21 अगस्त 2026। राहौद में दशगात्र कार्यक्रम के दौरान भोजन करने के बाद 10 लोगों के अस्वस्थ होने की सूचना सामने आई। सभी प्रभावित लोगों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राहौद में भर्ती कराया गया था। इनमें से दो लोगों की स्थिति अधिक खराब होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ रेफर किया गया।
अनुविभागीय अधिकारी (रा.) पामगढ़ श्री आर.के. तम्बोली ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद 21 अगस्त को विकासखंड चिकित्सा अधिकारी पामगढ़ एवं तहसीलदार राहौद ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। चिकित्सकों ने सभी प्रभावित लोगों का आवश्यक उपचार किया।
उपचार के बाद सभी लोगों की स्थिति सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वर्तमान में सभी प्रभावित लोगों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
प्रभावित परिवार के घर का भी किया निरीक्षण
घटना के बाद अधिकारियों ने प्रभावित परिवार के निवास स्थल का भी निरीक्षण किया। संभावित कारणों की जांच के लिए संबंधित होटल में आवश्यक जांच कराने के निर्देश खाद्य निरीक्षक पामगढ़ को दिए गए हैं।
इसके साथ ही उपयोग किए जा रहे पानी की जांच कराने तथा आवश्यकता के अनुसार क्लोरीनेशन कर पानी को कीटाणुरहित करने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा घटना के संभावित कारणों की जांच के साथ खाद्य सामग्री और पानी की गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है। फिलहाल सभी प्रभावित लोगों की स्थिति सामान्य है।



