
तस्वीरों ने ताजा की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पुरानी यादें, ‘दृश्य संवाद 2026’ का हुआ समापन
रायपुर, 23 अगस्त 2026। तस्वीरें बीते हुए समय को वर्तमान से जोड़ती हैं। कभी वे इतिहास का दस्तावेज बनती हैं तो कभी जीवन के भूले-बिसरे पलों को फिर से जीवंत कर देती हैं। राजधानी रायपुर में आयोजित पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी वर्षों पुरानी तस्वीरों को देखकर सार्वजनिक जीवन से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया।
रायपुर प्रेस क्लब द्वारा विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित इस फेस्ट का आयोजन 19 अगस्त से किया गया था। मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और फोटो पत्रकारों तथा ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों की तस्वीरों की सराहना की।
पुरानी तस्वीरों ने याद दिलाए राजनीतिक जीवन के पल
प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई पुरानी तस्वीरें प्रदर्शित की गई थीं। तस्वीरों को देखकर मुख्यमंत्री ने उनसे जुड़े कई रोचक संस्मरण साझा किए।
पहली बार विधायक बनने के समय की तस्वीर देखकर उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने विशेष रूप से सफारी सूट सिलवाया था। इस संस्मरण ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच सहज और आत्मीय माहौल बना दिया।
वहीं ग्रामीण जीवन और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरों ने भी मुख्यमंत्री को पुराने दिनों की याद दिलाई। हल चलाते हुए अपनी तस्वीर देखकर उन्होंने खेती के दिनों को याद किया और कहा कि गांव, खेत-खलिहान और मिट्टी से जुड़ी तस्वीरें उन्हें अपने पुराने जीवन की याद दिलाती हैं।
मुख्यमंत्री ने खुद संभाला कैमरा
कार्यक्रम के दौरान एक खास और दिलचस्प पल भी देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं कैमरा संभाल लिया। उन्होंने एक फोटो पत्रकार की तस्वीर कैमरे में कैद की।
आमतौर पर फोटो पत्रकार मुख्यमंत्री की गतिविधियों और भाव-भंगिमाओं को अपने कैमरे में दर्ज करते हैं, लेकिन इस बार मुख्यमंत्री स्वयं कैमरे के पीछे नजर आए। यह सहज पल ‘दृश्य संवाद 2026’ के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।
तस्वीरें समय और समाज की कहानी कहती हैं
मुख्यमंत्री ने फोटो पत्रकारों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि तस्वीरें केवल किसी घटना या क्षण को दर्ज करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे समय, समाज और स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजती हैं। कई बार एक तस्वीर बिना शब्दों के पूरी कहानी कह देती है।
उन्होंने कहा कि फोटो पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी घटनास्थल तक पहुंचकर समाज और इतिहास के महत्वपूर्ण क्षणों को कैमरे में दर्ज करते हैं। उनका कार्य पत्रकारिता का महत्वपूर्ण और प्रभावशाली पक्ष है।
मुख्यमंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘दृश्य संवाद 2026’ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन फोटोग्राफी और फोटो पत्रकारिता की रचनात्मकता को मंच प्रदान करते हैं। इससे नई पीढ़ी को अनुभवी फोटो पत्रकारों के कार्य को देखने, समझने और सीखने का अवसर मिलता है।
प्रकृति, संस्कृति और जनसरोकार के दिखे विविध रंग
पांच दिवसीय ‘दृश्य संवाद 2026’ में प्रेस फोटो पत्रकारों के साथ ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों की तस्वीरों को भी प्रदर्शित किया गया।
प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं परंपरा तथा समाचार एवं जनसरोकार जैसे विभिन्न विषयों पर प्रदर्शित तस्वीरों ने छत्तीसगढ़ के जीवन, समाज और परिवेश के विविध रंगों को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा।
पांच दिनों के दौरान बड़ी संख्या में पत्रकारों, विद्यार्थियों, फोटोग्राफी प्रेमियों और नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
समापन अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट के संयोजक दीपक पांडे, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट गोकुल सोनी, प्रदीप डडसेना, राजकुमार चतुर्वेदी, रुपेश यादव, नरेंद्र बंगाले, सुधीर सागर, रमन हलवाई, किशन लोखंडे, मनोज देवांगन, विजय देवांगन, विनय घाड़गे, पंकज चौहान, हीरा मानिकपुरी, त्रिलोचन मानिकपुरी, हेमंत गोस्वामी, जय गोस्वामी, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में फोटो जर्नलिस्ट एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।



