
पामगढ़ में पंचायत एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा, पीएम आवास के अधूरे कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा जनदर्शन में पहुंचे 69 आवेदन, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 28 अक्टूबर 2026। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) विनय कुमार पोयाम ने जनपद पंचायत पामगढ़ के सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, विकसित भारत जी राम जी योजना, स्वच्छ भारत मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत, प्रगतिरत और अधूरे कार्यों की समीक्षा की गई।
पीएम आवास के अधूरे निर्माण जल्द पूरे कराने के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत और निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों के आवास अधूरे हैं, उनसे संपर्क कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने पंचायत सचिवों और मैदानी अमले को प्रत्येक आवास की स्थिति की नियमित समीक्षा करने, निर्माण में देरी के कारणों का पता लगाने और समस्याओं का निराकरण कर कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे निर्माण कार्यों और गतिविधियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार समय पर पूरा करने को कहा।
विकसित भारत जी राम जी योजना के कार्यों में लाएं तेजी
बैठक में विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत स्वीकृत और प्रगतिरत कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। सीईओ ने तकनीकी सहायकों, पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को आपसी समन्वय से काम करने तथा स्वीकृत कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने, अभिलेखों का सही संधारण करने और कार्यस्थल की वास्तविक स्थिति के अनुसार जानकारी दर्ज करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिन पंचायतों में कार्यों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां की पहचान कर कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही समय पर भौतिक सत्यापन करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान करने को कहा गया।
समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करना जरूरी
जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक समय पर पहुंचाना सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण, कार्यों की प्रगति की समीक्षा और निर्धारित समय-सीमा का पालन जरूरी है।
उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत उप संचालक बरनसिंह मंडावी, आवास योजना की डीसी श्रेया सिंह, विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभारी एपीओ गौरव शुक्ला, जनपद पंचायत पामगढ़ के सीईओ मणिशंकर कौशिक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



