
नवा रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीसरे मुकाबले का लिया आनंद, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
रायपुर, 20 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तीसरे मुकाबले को देखने स्टेडियम पहुंचे और दोनों टीमों की खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह आयोजन प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने की प्रेरणा देगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखकर युवा प्रतिभाओं में भी क्रिकेट के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ेगा।

महिलाओं और बेटियों को मिला निःशुल्क प्रवेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रृंखला के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का प्रत्यक्ष अनुभव देना है।
उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। राज्य सरकार भी छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
अंतरराष्ट्रीय मैचों से बढ़ेगी छत्तीसगढ़ की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम प्रदेश की प्रमुख खेल अधोसंरचनाओं में शामिल है। स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में पहले भी न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जा चुके हैं। इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल मुकाबलों के आयोजन से भी प्रदेश को पहचान मिली है। भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बड़े खेल आयोजन केवल खेल तक सीमित नहीं रहते, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी गति देते हैं। ऐसे आयोजनों से होटल व्यवसाय, परिवहन, पर्यटन, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ती हैं। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के साथ देश के प्रमुख खेल एवं आयोजन केंद्रों में स्थापित करना चाहती है। इसके लिए खेल अधोसंरचना के विस्तार और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।
बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का सकारात्मक माहौल बना है। भारतीय महिला खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार देश का गौरव बढ़ा रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें निखारने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह श्रृंखला खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री को मजबूत करेगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारी, खेल जगत के प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।



