धमतरी के मोंगरागहन में मेगा स्वास्थ्य शिविर, 641 ग्रामीणों को मिला निःशुल्क उपचार

कबीरधाम के तीन गांवों में 1.55 करोड़ से बनेगा गौरव पथ, डिप्टी CM विजय शर्मा ने किया भूमिपूजन

 

धमतरी, 17 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत धमतरी जिले के ग्राम मोंगरागहन में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 641 ग्रामीणों ने पंजीयन कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच, परामर्श, उपचार और दवाओं का लाभ लिया।

 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरा द्वारा आयोजित इस शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष धमतरी ने किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत स्वास्थ्य सभापति, जनपद सदस्य, मोंगरागहन एवं कोडेगांव के सरपंच सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

अलग-अलग बीमारियों की हुई जांच

 

शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सामान्य स्वास्थ्य जांच के तहत 220 मरीजों का उपचार किया गया। वहीं, 120 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 51 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।

 

इसके अलावा दंत रोग के 83, आयुर्वेद चिकित्सा के 81, स्त्री रोग के 76, नाक-कान-गला रोग के 68, हड्डी रोग के 63 और शिशु रोग के 50 मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।

 

शिविर में हुई शुगर, सिकलिंग और मलेरिया की जांच

 

ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शिविर स्थल पर ही पैथोलॉजी जांच की व्यवस्था की गई थी। इसके तहत 109 लोगों की शुगर, 102 की हीमोग्लोबिन, 100 की सिकलिंग, 15 की मलेरिया, 10 की ब्लड ग्रुप और 10 मरीजों की वीडीआरएल जांच की गई।

 

सिकलिंग जांच में दो मरीज पॉजिटिव पाए गए। उन्हें आगे के उपचार और देखभाल के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही 315 ग्रामीणों के रक्तचाप (बीपी) की जांच कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।

 

टीबी मुक्त पंचायतों और मितानिनों का सम्मान

 

कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायत मोंगरागहन और अरौद डूबान के सरपंचों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतीक प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली छह मितानिनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

 

इसके अलावा दो टीबी मरीजों को पोषण आहार किट और पांच ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।

 

गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना अभियान का उद्देश्य

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच जरूरी है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

 

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि आर्थिक या भौगोलिक कारणों से इलाज में देरी न करें, नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और टीबी जैसी बीमारियों के प्रति जागरूक रहें। साथ ही स्वच्छता और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

 

शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों, खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक, खंड प्रशिक्षण अधिकारी, ग्रामीण चिकित्सा सहायकों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

इस शिविर से ग्रामीणों को अपने गांव के पास ही जांच और उपचार की सुविधा मिली, जिससे समय पर बीमारी की पहचान और आवश्यक उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिली।

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close