
जांजगीर-चांपा और कोरबा में सड़क-पुल निर्माण कार्यों का निरीक्षण, दिसंबर तक पुल पूरा करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा 16 अक्टूबर 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले का दौरा कर निर्माणाधीन सड़कों और पुलों के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव बंसल ने पामगढ़ और कोरबा में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माणाधीन, स्वीकृत और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे।
बोराई नदी पर पुल तैयार, 905 मीटर सड़क का काम बाकी
पामगढ़ रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान बिलासपुर सेतु संभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले के धनवारपारा (सलनी)-नवागांव मार्ग पर बोराई नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है। हालांकि, सड़क के 905 मीटर हिस्से में बिटुमिनस (बीटी) कार्य अभी शेष है।
इस पर सचिव ने अधिकारियों को मौजूदा अनुबंध के अनुसार शेष सड़क निर्माण कार्य पूरा कर अनुबंध की प्रक्रिया जल्द समाप्त करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अतिरिक्त 1200 मीटर बीटी सड़क निर्माण के लिए अलग से संशोधित प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजने को कहा।

औद्योगिक कॉरिडोर के पुल का काम दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश
कोरबा में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव ने सीजीआरआईडीसीएल योजना के अंतर्गत कटघोरा-हरदीबाजार-बलौदा-अकलतरा औद्योगिक कॉरिडोर मार्ग पर खोलार नाला में बन रहे उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्रैश बैरियर पर हैंडरेल लगाने को कहा। साथ ही, खोलार नाला के पास सड़क पर कटाव रोकने के लिए रिटेनिंग वॉल, पिचिंग और अन्य जरूरी सुरक्षा कार्य कराने के निर्देश कोरबा कलेक्टर को दिए।
हसदेव नदी पर फोरलेन पुल बनाने की तैयारी
सचिव बंसल ने सीपत-बलौदा-कोरबा (कुदुरमाल) मार्ग पर हसदेव नदी में उच्च स्तरीय फोरलेन पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी दिए। इससे संबंधित निर्माण कार्य की आगे की प्रक्रिया के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।

अधिकारियों को रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश
सचिव ने पीडब्ल्यूएमआईएस (PWMIS) पोर्टल पर पूर्व वर्षों में पूरे किए गए कार्यों के अंतिम पूर्ण देयकों से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने और अद्यतन जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, पामगढ़ रेस्ट हाउस में साफ-सफाई बनाए रखने और आवश्यक मरम्मत कराने को भी कहा।
सड़क और पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।



