
मुंगेली के लछनपुर में बनेगा मल्टी-परपस इंडोर हॉल, करीब 5 करोड़ रुपये मंजूर
मुंगेली, 14 अक्टूबर 2026। जिले के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। पथरिया विकासखंड के लछनपुर में मल्टी-परपस इंडोर हॉल बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए राज्य शासन ने 4 करोड़ 99 लाख 82 हजार रुपये की मंजूरी दी है। इस हॉल का निर्माण क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत एक एकड़ जमीन पर किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद शासन ने निर्माण कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया है।
कार्टून सिर्फ हंसाते नहीं, समाज को सोचने पर भी करते हैं मजबूर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
एक ही छत के नीचे कई खेलों की सुविधा
लछनपुर में बनने वाले इंडोर हॉल में खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी और मार्शल आर्ट जैसे खेलों के अभ्यास और प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी।
इस सुविधा से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर जगह मिलेगी। साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
ई-ऑफिस की फाइलें 12 घंटे में निपटाएं अधिकारी, कलेक्टर ने दिए निर्देश
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा
इंडोर हॉल बनने से पथरिया विकासखंड और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
निर्माण की गुणवत्ता पर रहेगा जोर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और पूरे काम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



