
अब गृह निर्माण मंडल की कॉलोनियों में भी चलेगा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान
अंबिकापुर, 3 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की आवासीय कॉलोनियों में अब ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत अंबिकापुर के सरगवां स्थित अटल विहार आवासीय योजना से की गई।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पौधरोपण करने के साथ कॉलोनी में बनी बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का लोकार्पण किया।
मां के सम्मान के साथ पर्यावरण बचाने का संदेश
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ सिर्फ पौधा लगाने का अभियान नहीं है। यह मां के सम्मान और पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प भी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाए और उसे बड़ा होने तक उसकी देखभाल करे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस अभियान के तहत अब तक सवा सात करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
मंत्री ने कहा कि सरगवां कॉलोनी में बाउंड्रीवाल की लंबे समय से मांग की जा रही थी। गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष की पहल से इसका निर्माण पूरा हुआ और अब इसका लोकार्पण किया गया है।
प्रदेश की दूसरी कॉलोनियों में भी अभियान
गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि अंबिकापुर से शुरू हुआ यह अभियान प्रदेश की अन्य आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में भी चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य कॉलोनियों में ज्यादा से ज्यादा हरियाली बढ़ाना और लोगों को पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल के लिए भी जागरूक करना है। इससे आवासीय कॉलोनियां स्वच्छ, सुंदर और हरी-भरी बनेंगी।
9.70 एकड़ में बने हैं 251 मकान
सरगवां के अटल विहार योजना में गृह निर्माण मंडल ने 9.70 एकड़ जमीन पर करीब 38.59 करोड़ रुपये की लागत से 251 भवनों का निर्माण और विकास किया है।
इनमें 14 HIG, 12 सीनियर MIG, 40 जूनियर MIG, 63 LIG और 122 EWS भवन शामिल हैं। कॉलोनी में बाउंड्रीवाल और WMM सड़क सहित अन्य जरूरी निर्माण कार्य भी पूरे किए गए हैं।
बच्चों ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
कार्यक्रम में कॉलोनी के छोटे बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पेड़ों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने लोगों को पौधरोपण और पेड़ों की देखभाल के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने की। इस दौरान अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, नगर निगम सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।



