PWD सचिव मुकेश बंसल ने पुल-पुलियों और राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 

रायपुर, 02 सितंबर 2026। बरसात खत्म होते ही प्रदेश में रुके हुए सड़क, पुल और पुलियों के निर्माण कार्यों को तेजी से शुरू किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अक्टूबर में हर निर्माणाधीन स्थल पर काम होता हुआ नजर आना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि सभी निर्माण स्थलों का एक सप्ताह के भीतर ठेकेदारों के साथ निरीक्षण किया जाए और बारिश खत्म होते ही काम युद्धस्तर पर शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली जाए।

एक सप्ताह में निर्माण स्थलों का निरीक्षण

 

नवा रायपुर स्थित PWD मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में हुई बैठक में पुल-पुलियों और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।

 

सचिव ने वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले कार्यों के प्राक्कलन 20 सितंबर तक जमा करने के निर्देश दिए। बारिश से क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत के साथ उनकी रेलिंग और दीवारों की पेंटिंग का काम 30 नवंबर तक पूरा करने को कहा।

 

सप्ताह में दो दिन साइट पर जाएंगे अधिकारी

 

मुकेश बंसल ने कार्यपालन अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को हर सप्ताह कम से कम दो दिन निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने साफ कहा कि निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। काम में लापरवाही या निर्माण की गति धीमी रखने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

 

बिना अनुमति कार्यालय छोड़ने पर रोक

 

कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को बिना अनुमति कार्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहें और निर्माण स्थलों पर आने वाली समस्याओं का जल्द समाधान करें।

 

नवंबर तक टेंडर, जनवरी तक शुरू हों नए काम

 

नए निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया नवंबर 2026 तक पूरी करने और जनवरी 2027 तक काम शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

ठेकेदारों को समय पर ले-आउट, ड्राइंग-डिजाइन और कार्यस्थल उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि काम शुरू करने में अनावश्यक देरी न हो।

 

हर महीने ठेकेदारों को भुगतान

 

PWD सचिव ने अधिकारियों को ठेकेदारों के लंबित भुगतान की समस्या दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर महीने भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि काम की भौतिक और वित्तीय प्रगति प्रभावित न हो।

 

काम पूरा होने के बाद अधिकतम तीन महीने के भीतर दस्तावेजी प्रक्रिया और भुगतान पूरा कर अनुबंध बंद करने के निर्देश भी दिए गए।

 

10 सितंबर तक गतिशक्ति पोर्टल पर अपलोड होगी जानकारी

 

प्रदेश के सभी पुल-पुलियों की जानकारी भारत सरकार के गतिशक्ति पोर्टल पर 10 सितंबर तक अपलोड करने को कहा गया है। समय पर जानकारी अपलोड नहीं करने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

 

इसके अलावा CPGRAMS और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से मिलने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने तथा न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की हर महीने समीक्षा करने को कहा गया।

 

NHAI और केंद्र के अधिकारियों से बेहतर समन्वय

 

राष्ट्रीय राजमार्गों के काम की समीक्षा के दौरान सचिव ने NHAI और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया।

 

उन्होंने प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त कार्यों की निविदा, अनुबंध और कार्यादेश की स्थिति की जानकारी भी ली।

 

इन बड़े राष्ट्रीय राजमार्गों को मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य

 

सचिव ने रायपुर में निर्माणाधीन MMI चौक से शदाणी दरबार मार्ग, बेमेतरा बायपास, कोंडागांव से नारायणपुर राष्ट्रीय राजमार्ग खंड और रतनपुर से पेंड्रा रोड राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों को अगले साल मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप सहित विभागीय अधिकारी और NHAI के अधिकारी मौजूद रहे।

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close