
चेन्नई में छत्तीसगढ़ पर्यटन की धूम, 130 से ज्यादा टूर ऑपरेटरों ने दिखाई रुचि
रायपुर, 02 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ अब दक्षिण भारत के पर्यटन बाजार में अपनी पहचान मजबूत करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने फिक्की के सहयोग से चेन्नई में ‘छत्तीसगढ़ टूरिज्म रोड शो’ आयोजित किया। इसमें चेन्नई के 130 से अधिक ट्रैवल एजेंट और टूर ऑपरेटर शामिल हुए।
रोड शो का मुख्य उद्देश्य दक्षिण भारत के पर्यटकों को छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों से जोड़ना और टूर ऑपरेटरों के साथ नए कारोबारी संबंध बनाना था।
टूर ऑपरेटरों के साथ सीधे हुई बातचीत
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ और चेन्नई के पर्यटन कारोबारियों के बीच B2B बैठकें हुईं। इन बैठकों में छत्तीसगढ़ घूमने आने वाले पर्यटक समूहों, पर्यटन पैकेज और भविष्य में कारोबारी साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।
टूर ऑपरेटरों की ओर से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को लेकर अच्छी रुचि दिखाई गई। इससे आने वाले समय में दक्षिण भारत से छत्तीसगढ़ आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
पहली बार तमिल भाषा में छत्तीसगढ़ पर्यटन की जानकारी
रोड शो की सबसे खास बात यह रही कि पहली बार छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और पर्यटन संभावनाओं का तमिल भाषा में प्रस्तुतीकरण किया गया।
इससे चेन्नई के स्थानीय पर्यटन कारोबारियों और पर्यटकों तक छत्तीसगढ़ की जानकारी उनकी अपनी भाषा में पहुंचाने में मदद मिली। अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत की जानकारी साझा की।
पर्यटन में निवेश की संभावनाएं भी बताईं
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ-साथ राज्य में पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध निवेश की संभावनाओं पर भी जानकारी दी गई।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों और पर्यटन उत्पादों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
अध्यक्ष नीलू शर्मा ने किया पर्यटन कारोबारियों को संबोधित
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। उन्होंने चेन्नई के पर्यटन कारोबारियों को छत्तीसगढ़ के पर्यटन से जोड़ने और राज्य की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन (IAS) ने तमिल और अंग्रेजी भाषा में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और विरासत संपदा की जानकारी साझा की।
तमिलनाडु पर्यटन से जुड़े अधिकारी भी रहे मौजूद
रोड शो में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की सहायक निदेशक एस. पद्मावती, फिक्की छत्तीसगढ़ टूरिज्म कमेटी के चेयरपर्सन एवं फिक्की छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष जसप्रीत सिंह भाटिया, फिक्की तमिलनाडु स्टेट काउंसिल के को-कन्वीनर श्रीहरन बालन और तमिलनाडु पर्यटन के निदेशक डॉ. वी.पी. जयसीलन (IAS) सहित कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।
चेन्नई में पदस्थ छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारियों ने भी बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी के.सी. देवासेनापति और एलेक्स पॉल मेनन भी शामिल हुए। दोनों अधिकारी वर्तमान में चेन्नई में पदस्थ हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ से अपने जुड़ाव और राज्य की पर्यटन संभावनाओं को लेकर अपने विचार साझा किए।
दक्षिण भारत में छत्तीसगढ़ पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
चेन्नई रोड शो के जरिए छत्तीसगढ़ को दक्षिण भारत के बड़े पर्यटन बाजार से जोड़ने की कोशिश की गई है। B2B बैठकों से टूर ऑपरेटरों को सीधे छत्तीसगढ़ के पर्यटन कारोबारियों से बातचीत का मौका मिला।
अब उम्मीद है कि आने वाले समय में तमिलनाडु और दक्षिण भारत के दूसरे हिस्सों से पर्यटक समूह छत्तीसगढ़ का रुख करेंगे, जिससे राज्य के पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।



