बलौदाबाजार- बिलाईगढ़ विधान सभा क्षेत्र में जुआ, सट्टा, शराब माफियों के खिलाफ बिलाईगढ़ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने मोर्चा खोल दिया है। वही बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जुआ, सट्टा, शराब माफिया एवं अवैधानिक कार्यों पर नेटवर्क बढ़ते जा रहा है। पुलिस इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे प्रदेश सरकार की छवि खराब हो रही है। छत्तीसगढ़ प्रदेश असगंठित कामगार कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बिलाईगढ़ प्रेमलाल साहू ने ताम्रध्वज साहू गृह मंत्री छ.ग. शासन, बिलाईगढ़ विधायक एवं संसदीय सचिव छ.ग. शासन, और पुलिस अधीक्षक जिला बलौदाबाजार को प्रतिलिपि के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है।
वही उनका कहना है कि बिलाईगढ़ विधान सभा क्षेत्र के विधायक व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय की ने घोषणा की है कि गुरुघासीदास बाबा के क्षेत्र में किसी प्रकार से अवैधानिक कार्य न हो, लेकिन विधायक के इस निर्देश के बाद भी बिलाईगढ़ के क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियाँ लगातार संचालित है। क्षेत्रीय जनता में आक्रोश है। प्रशासनिक अधिकारियों से जनता का विश्वास उठता जा रहा है। ब्लाक अध्यक्ष प्रेम लाल साहू ने शिकायत की है कि बिलाईगढ़ क्षेत्र के सरसीवा थाना क्षेत्र में सर्वाधिक असामाजिक कृत्य हो रहे हैं। गांव-गांव में जुआ व सट्टा घर पर भी संचालित किया जा रहा है। जहाँ एन्ट्री पटाकर सुरक्षित रूप से लाखों का दांव लगाते हैं। क्षेत्र में देशी महुआ शराब गांव के गली-गली व चौक चौराहों में बिक रहा है तथा अन्य प्रांत का शराब भी इस क्षेत्र में आ रहा है। लॉकडाउन अवधि में भी इस क्षेत्र में कालाबाजारी काफी मात्रा में हुआ था, जांच करने पर सारी स्थिति स्पष्ट हो जायेगी। क्षेत्र में जाली नोट का कारोबार संचालित था। महासमुन्द पुलिस की कार्यवाही से सरसींवा अंचल के युवक गिरफ्त में आये तब खुलासा हुआ कि सरसींवा अंचल में जाली नोट भी छापा जाता है।
इन समस्त गतिविधियों में इस क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का आना-जाना हमेशा लगा रहता है। समय रहते इस सभी अवैधानिक कृत्यों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो क्षेत्र में अराजकता की स्थिति निर्मित हो सकती है। संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी कोई भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।